नई दिल्ली। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने एक ऐसी चेतावनी दी है जिसने स्मार्टफोन यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक सोशल मीडिया पर ‘वी’ साइन बनाकर खिंचवाई जाने वाली सेल्फी भविष्य में बड़ी साइबर ठगी का कारण बन सकती है। आधुनिक हाई-डेफिनिशन कैमरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की मदद से तस्वीरों से फिंगरप्रिंट की जानकारी चुराना अब पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान होता जा रहा है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ ली चांग ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि ‘वी’ साइन वाली तस्वीरों में उंगलियों के निशान कई बार काफी स्पष्ट दिखाई देते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई तस्वीर डेढ़ मीटर या उससे कम दूरी से ली गई हो और हाथ सीधे कैमरे की तरफ हो, तो फिंगरप्रिंट का बड़ा हिस्सा निकाला जा सकता है। खासकर सेल्फी में यह खतरा ज्यादा होता है क्योंकि मोबाइल कैमरा बहुत नजदीक से इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि तीन मीटर की दूरी से ली गई तस्वीरों से भी काफी हद तक फिंगरप्रिंट डेटा हासिल किया जा सकता है।


