दिल्ली के उत्तम नगर स्थित नजफगढ़ रोड पर विजय सेल्स के शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा शोरूम धू-धूकर जलने लगा और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


