मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में पट्टाधारक विस्थापित परिवारों को मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज भी वितरित किए जाएंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री मुरादाबाद रवाना होंगे, जहां समीक्षा बैठक के साथ नई योजनाओं का शुभारंभ करेंगे और रात्रि प्रवास करेंगे। जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद सहित कुल 38 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।


