बलरामपुर में बस-ट्रक की टक्कर, आग लगने से तीन नेपाली यात्रियों की मौत, 24 झुलसे

भारत 3

सोनौली से दिल्ली जा रही बस अनियंत्रित होकर हाई-टेंशन लाइन और ट्रांसफार्मर से टकराई
बलरामपुर। बलरामपुर के फुलवरिया बाईपास पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सोनौली से दिल्ली जा रही एक पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर हाई-टेंशन लाइन और ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। हादसे में तीन यात्रियों की झुलसकर मौत हो गई। बस के टकराने के बाद गर्म कपड़े ले जा रहे एक ट्रक में भी आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय बस में ज्यादातर यात्री नेपाल के थे। हादसे में 24 अन्य यात्री भी घायल हुए, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बहराइच और लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बाकी मामूली घायल यात्रियों को दिल्ली और नेपाल के लिए रवाना किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने घायलों के परिजनों से संपर्क कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस का ड्राइवर और कंडक्टर अभी तक लापता हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन उनके खोजने में जुटे हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रशासन लगातार संपर्क बनाए हुए है। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी जरूरी राहत और सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *