अलीगढ़ में हत्या का बदला लेने की साजिश पुलिस ने समय रहते विफल कर दी। पिछले साल 21 जुलाई को बिल्डर जुल्फिकार उर्फ लाडले खां की दिनदहाड़े हत्या के बाद उसके भाई शाहजी खान बदले की आग में जल रहा था। कई महीनों की योजना के बाद उसने दिल्ली और बदायूं के शूटरों को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर आरोपी आदम की हत्या की साजिश रची। शूटरों को हथियार और फोटो भी उपलब्ध कराया गया। छह मई को वारदात को अंजाम देना था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहजी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार है।


