चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित एक शराब ठेके पर खुलेआम शराब परोसने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोगों को आइस रोल्स के साथ फ्लेवर्ड वोडका परोसी जाती दिखाई दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने एक्साइज एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
जांच में पता चला कि यह आयोजन बिना अनुमति के किया जा रहा था और सार्वजनिक रूप से शराब बांटी जा रही थी। पुलिस ने ठेका संचालक राजेश सचदेवा (53), निवासी सक्तरी गांव, पंचकूला को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक 24 मई को मामला दर्ज किया गया था और अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस आयोजन में और कौन-कौन शामिल था तथा नियमों का उल्लंघन किस स्तर तक हुआ।


