जापानी मीडिया के अनुसार करीब 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश
नई दिल्ली। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र में एक नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की है। इस संयंत्र से 2029 की पहली छमाही में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। जापानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मूल कंपनी टोयोटा मोटर भारत में क्षमता विस्तार के लिए लगभग 300 अरब येन (लगभग 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर) का भारी निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि यह नया संयंत्र महाराष्ट्र के बिडकिन औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता एक लाख वाहनों की होगी और इससे लगभग 2,800 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के अनुसार इस संयंत्र में एक नया एसयूवी मॉडल तैयार किया जाएगा, जिसमें स्टैम्पिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और असेंबली जैसी प्रमुख प्रक्रियाएं शामिल होंगी। वर्तमान में, टीकेएम के कर्नाटक में दो संयंत्र हैं जिनकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 5.52 लाख इकाई है। यह नया प्लांट कंपनी की भारतीय बाजार में अपनी कारोबारी बुनियाद को और मजबूत करने की रणनीति का अहम हिस्सा है।


