बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शहर के बाहरी इलाके में उस मार्ग के पास संदिग्ध हालत में जिलेटिन की दो स्टिक मिलने के बाद जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी National Investigation Agency ने भी जांच अपने हाथ में ले ली है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने से करीब डेढ़ घंटे पहले पुलिस को थथागुनी और कग्गलीपुरा क्षेत्र के पास एक संदिग्ध पैकेट मिला। यह स्थान नाइस रोड जंक्शन से करीब एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। इलाके की सुरक्षा जांच में तैनात एक पुलिसकर्मी की नजर सड़क किनारे पड़े पैकेट पर पड़ी, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।
जांच के दौरान पैकेट से जिलेटिन की दो छड़ियां बरामद हुईं। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं।


