नई दिल्ली। हाल ही में आयुष मंत्रालय ने भुजंगासन को लेकर जरूरी सुझाव दिए हैं और बताया है कि यह आसन कमर, पीठ और कंधों को मजबूत बनाने में बेहद लाभकारी है। साथ ही गलत तरीके से करने पर यह शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है। भुजंगासन को कोबरा पोज भी कहा जाता है, क्योंकि इस मुद्रा में शरीर का ऊपरी हिस्सा सांप के फन की तरह ऊपर उठता है, जबकि निचला हिस्सा जमीन से जुड़ा रहता है। आयुष मंत्रालय के अनुसार कई लोग इस आसन को करते समय छोटी लेकिन महत्वपूर्ण गलतियां कर देते हैं, जिससे कमर, गर्दन और कंधों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। विशेषज्ञों के मुताबिक भुजंगासन करते समय कोहनियों को बाहर फैलाना, कंधों को कानों की तरफ चढ़ा लेना, कमर को जरूरत से ज्यादा मोड़ना, नितंबों को अत्यधिक कसना और एड़ियों को बाहर की ओर फैलाना आम गलतियां हैं। ऐसी स्थिति में मांसपेशियों पर गलत दबाव पड़ता है और चोट लगने या पुरानी समस्या बढ़ने का खतरा पैदा हो सकता है।


