सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा ये वीडियो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों के दौरे का अंतिम चरण इटली में जाकर समाप्त हुआ, जहाँ अहम कूटनीतिक चर्चाओं के बीच बेहद खास और दिलकश लम्हा सामने आया। रोम में, प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को पारले मेलोडी चॉकलेट का पैकेट भेंट किया, जिसकी एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वीडियो को खुद पीएम मेलोनी ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है, और दोनों नेताओं के बीच की गहरी दोस्ती और बेहतरीन कैमिस्ट्री का सबूत बन गया है।
वायरल हुए सेल्फी वीडियो में प्रधानमंत्री मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी एक साथ नजर आ रहे हैं। मुस्कुराते हुए मेलोनी कहती हैं, प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत अच्छी टॉफी गिफ्ट लेकर आए हैं। उनके बयान के तुरंत बाद, पीएम मोदी कैमरे के सामने मेलोडी चॉकलेट का पैकेट दिखाकर बड़े ही मजाकिया अंदाज में मेलोडी! कहते हैं। इसके बाद दोनों नेता ठहाके लगाकर हंस पड़ते हैं। यह मजेदार और आत्मीय पल वैश्विक मंच पर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच की सहजता और मैत्रीपूर्ण संबंधों को दिखाता है।


