पटना। पश्चिमी चंपारण के बैरिया थाना क्षेत्र के मच्छरगावां गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान छबिला यादव के पुत्र श्याम यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गई।
इस दौरान श्याम यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजन व स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


